????सुनील जाखड़ की जगह केवल सिंह ढिल्लों बने पंजाब भाजपा के नए प्रधान
चंडीगढ़, 28 मई – न्यूज़लाईन एक्सप्रैस — भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए वरिष्ठ सिख नेता केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी हाईकमान द्वारा लिए गए इस फैसले को आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
केवल सिंह ढिल्लों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ की जगह ली है। राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति को भाजपा की पंजाब में सिख समुदाय और ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
केवल सिंह ढिल्लों मालवा क्षेत्र के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं और बरनाला से विधायक भी रह चुके हैं। वे कुछ वर्ष पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव और जनाधार का लाभ आगामी चुनावों में मिलेगा।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय करने तथा गांवों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। पंजाब भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढिल्लों की नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे पार्टी के लिए सकारात्मक कदम बताया है।
वहीं, सुनील जाखड़ पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे और चुनावी रणनीति में उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बनी रहेगी।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि भाजपा पंजाब में नए सामाजिक समीकरण बनाने और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है, जिसमें यह नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है। *Newsline Express*
