????काली माता मंदिर मुद्दे पर हिंदू संगठनों का शक्ति प्रदर्शन, प्रशासन को ज्ञापन देने का ऐलान
????धार्मिक भावनाओं की अनदेखी का आरोप, मंदिर प्रबंधन से संवाद कर समाधान निकालने की मांग
????मंदिर परिसर में धार्मिक गतिविधियों को लेकर अनावश्यक प्रतिबंध : पवन गुप्ता
पटियाला, 30 मई – न्यूज़लाईन एक्सप्रैस – श्री काली देवी माता, पटियाला के प्राचीन मंदिर के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर उठ रहे विवादों के बीच शनिवार को विभिन्न हिंदू संगठनों, धार्मिक नेताओं, सामाजिक संस्थाओं और राजनीतिक प्रतिनिधियों की एक बड़ी बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंदिर से जुड़े धार्मिक एवं प्रबंधन संबंधी मुद्दों पर चर्चा करते हुए प्रशासन और मंदिर कमेटी से हिंदू समाज की भावनाओं का सम्मान करने तथा संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की मांग की गई। साथ ही सोमवार को डीसी और एसएसपी पटियाला को ज्ञापन देने का फैसला भी लिया गया।
स्थानीय भगवान श्री परशुराम चौक स्थित भवन में बैठक का आयोजन शिवसेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता की पहल पर किया गया, जिसमें कई प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक हस्तियों ने शिरकत की।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पटियाला के माता श्री काली देवी मंदिर के नवीनीकरण कार्य के दौरान मंदिर की पारंपरिक धार्मिक मर्यादाओं और हिंदू समाज की भावनाओं को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि मंदिर से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में स्थानीय हिंदू संगठनों, धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं को विश्वास में नहीं लिया जा रहा, जिससे समाज में असंतोष बढ़ रहा है।
इस मौके पर श्री राधा कृष्ण जन सेवा समिति के संस्थापक अनीश मंगला ने कहा कि उनका संगठन हिंदू समाज से जुड़े मुद्दों पर सभी संगठनों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि काली माता मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसकी धार्मिक परंपराओं के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अग्रवाल समाज की ओर से पहुंचे समाजसेवी सौरभ जैन ने कहा कि मंदिर के विकास कार्य का स्वागत किया जाना चाहिए, लेकिन इसके साथ-साथ हिंदू समाज की भावनाओं और सुझावों का भी सम्मान होना जरूरी है। उन्होंने संवाद के माध्यम से सभी विवादित मुद्दों का समाधान निकालने की अपील की।
कुमार सभा संस्थान के प्रतिनिधि देवी दयाल ने कहा कि उनका संस्थान वर्षों से सामाजिक एवं धार्मिक सेवा कार्यों से जुड़ा हुआ है और हिंदू संगठनों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समर्थन करता है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से हिंदू समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक समाधान निकालने की मांग की।
हिंदू सुरक्षा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में धार्मिक गतिविधियों को लेकर अनावश्यक प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं तथा मंदिर प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर भी श्रद्धालुओं में सवाल उठ रहे हैं।
महामंडलेश्वर गिरी ने कहा कि हिंदू समाज मंदिर के नवीनीकरण का विरोध नहीं कर रहा, बल्कि निर्माण कार्य के दौरान धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं का पालन सुनिश्चित करने की मांग कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समाज की चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया गया तो भविष्य में आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।
शंकरानंद गिरी ने भी मंदिर प्रबंधन से संवाद और सहयोग की नीति अपनाने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक मामलों का समाधान आपसी बातचीत और सहमति से होना चाहिए।
बैठक को संबोधित करते हुए पवन गुप्ता ने कहा कि हिंदू संगठन मंदिर के विकास कार्य के समर्थक हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की सुविधाओं, धार्मिक गतिविधियों तथा निर्माण कार्य के दौरान मंदिर की मर्यादा बनाए रखने जैसे मुद्दों पर प्रशासन और मंदिर कमेटी को ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज किसी प्रकार का टकराव नहीं चाहता, बल्कि शांतिपूर्ण समाधान चाहता है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार को हिंदू समाज की ओर से उपायुक्त (डीसी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पटियाला को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न धार्मिक एवं प्रबंधन संबंधी मुद्दों के समाधान की मांग की जाएगी।
बैठक में पूर्व मेयर विष्णु शर्मा, कांग्रेस नेता करण गौड़, भाजपा नेता एडवोकेट डॉ. गुरविंदर कांसल, स्वतंत्र राज पासी, साहिल गोयल, अग्रवाल सभा के प्रधान पवन गर्ग, ऑल इंडिया बैंकिंग एसोसिएशन के प्रधान वासु, शिव मंदिर कमेटी के प्रधान राकेश मित्तल, ब्राह्मण सभा के नेता शिवराज शर्मा सहित विभिन्न हिंदू, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अग्रवाल सभा के प्रधान पवन गर्ग, ऑल इंडिया बैंकिंग एसोसिएशन के प्रधान वासु, शिव मंदिर कमेटी नाभा अनाज मंडी के प्रधान राकेश मित्तल, ब्राह्मण सभा के नेता शिवराज शर्मा, हेमराज गोयल, प्रदीप वर्मा, रिंकू भारद्वाज, समाकांत पांडे, कृष्ण कुमार गाबा, अमरजीत बंटी, रवि सोहल, भोला शर्मा, नंदलाल, विमला देवी, गुरप्रीत सिंह बगी, सूरज कुमार, नरेंद्र कुमार, रामचंद्र, प्रमोद कुमार, प्रेमचंद, नवदीप मित्तल, सोनू सनौर, राजेश कौशिक, गुरमुख सिंह, रोहित अटवाल, अतुल त्यागी, अनुप शर्मा, हिमालय केहर, सुरिंदर काका, विक्की कम्बोज, शमीनदर शम्मी, अशोक खत्री, मैदान गिरी, राहुल मेहता, साहिल कुमार, विशाल बडेरा, अजीत शर्मा, आर.के. बॉबी, पुरुषोत्तम गोस्वामी, पप्पू डेंटर, मनसा राम, राधा कृष्ण, सतिंदर सती, आशा केहर, अनुराधा शर्मा, कोमल कुमार, संगीता सिंह, नीतू, गीता चौहान, सोनू देवी, सीमरन मिड्डा और सारदा लाडी सहित बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। Newsline Express
