????AAP सांसद अशोक मित्तल से जुड़े ठिकानों पर ED की छापेमारी, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी समेत कई स्थानों पर कार्रवाई
????जालंधर-फगवाड़ा में एक साथ रेड; FEMA से जुड़े मामले की जांच की चर्चा, सियासी हलकों में बढ़ी हलचल
जालंधर/चंडीगढ़, 15 अप्रैल- न्यूज़लाईन एक्सप्रैस – पंजाब की राजनीति में बुधवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल से जुड़े कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक साथ छापेमारी की।
यह कार्रवाई जालंधर, फगवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में की गई।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी की टीमों ने Lovely Professional University (LPU) कैंपस, लवली ग्रुप के दफ्तरों और मित्तल से जुड़े अन्य व्यावसायिक ठिकानों पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान दस्तावेज़, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम सबूत खंगाले जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित तौर पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़े एक मामले की जांच के तहत की जा रही है। हालांकि, ED की ओर से आधिकारिक रूप से अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

गौरतलब है कि हाल ही में AAP ने राज्यसभा में अपने नेतृत्व ढांचे में बदलाव करते हुए राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को डिप्टी लीडर की जिम्मेदारी सौंपी थी। ऐसे में इस कार्रवाई को राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
AAP की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल आम आदमी पार्टी की ओर से इस छापेमारी पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि पूरा मामला सामने आने के बाद ही प्रतिक्रिया दी जाएगी।
जांच जारी, और खुलासों की संभावना
ED की टीमें कई घंटों से रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हैं। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
अशोक मित्तल से जुड़े ठिकानों पर हुई यह छापेमारी न केवल कानूनी बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी अहम मानी जा रही है। आने वाले दिनों में यह मामला पंजाब की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकता है।
Newsline Express
