????पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दाम बढ़े, महंगाई की मार और तेज
नई दिल्ली, 15 मई – न्यूज़लाईन एक्सप्रैस — देशभर में शुक्रवार से पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी लागू कर दी गई है, जिससे आम जनता को बड़ा झटका लगा है। नई दरों के अनुसार पेट्रोल 3.14 रुपये प्रति लीटर, डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर और सीएनजी 2 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई है।
तेल कंपनियों द्वारा जारी संशोधित कीमतों के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल करीब 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं मुंबई, कोलकाता और चेन्नई सहित अन्य महानगरों में भी ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और पश्चिम एशिया में जारी तनाव इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह माने जा रहे हैं। ईंधन महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ने की आशंका है, जिसका असर सब्जियों, राशन और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के बढ़े दामों को लेकर आम लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। विपक्षी दलों ने भी इस फैसले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई को नियंत्रण में लाने की मांग की है। Newsline Express
