???? पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा
???? मंत्री के पिता को टेंडर नहीं मिला, तो संबंधित अधिकारी को घर बुलाकर मारपीट के आरोप
???? सरकार में किसी भी तरह की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी : मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 21 मार्च – न्यूज़लाइन एक्सप्रेस – एक विवादित वीडियो वायरल होने के बाद सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से इस्तीफा ले लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार में किसी भी प्रकार की कोताही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विवादित वीडियो मामले में इस्तीफा देने के बाद अब लालजीत सिंह भुल्लर का पहला आधिकारिक बयान सामने आया है। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए इन्हें “झूठे और बेबुनियाद” करार दिया है। लालजीत भुल्लर ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह पार्टी की नैतिकता और सच्चाई के रास्ते पर चलते हुए खुद को जांच के लिए पेश कर रहे हैं।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की सरकार में यह बड़ा विवाद उस समय पैदा हुआ, जब अमृतसर वेयरहाउस कॉरपोरेशन के मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या की खबर सामने आई। गगनदीप सिंह ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का सीधे तौर पर नाम लिया, जिसके तुरंत बाद लालजीत सिंह भुल्लर ने इस्तीफा दे दिया।
???? विपक्ष के दावे…
अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला और पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) के वेयरहाउस टेंडर को लेकर मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नेताओं का कहना है कि वेयरहाउस का निर्माण FCI द्वारा किया गया था और वेयरहाउस कॉरपोरेशन इसकी नोडल एजेंसी थी। आरोप है कि मंत्री भुल्लर ने अपने पिता के नाम पर टेंडर के लिए आवेदन किया था।
आरोपों के मुताबिक, जब नियमों के तहत मंत्री के पिता को टेंडर नहीं मिला, तो संबंधित अधिकारी को घर बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उसकी वीडियो बनाकर पत्नी और बच्चों को लेकर धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं, मृतक रंधावा के परिवार ने मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करने की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही है।
*Newsline Express*
