????केदारनाथ मंदिर में मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
चंडीगढ़ / संजय सासन – न्यूज़लाईन एक्सप्रैस – उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल केदारनाथ मंदिर में मंदिर प्रशासन ने पवित्रता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अहम निर्णय लिया है। मंदिर के भीतर अब मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं को परिसर में मोबाइल ले जाने, फोटो खींचने, वीडियो बनाने या सोशल मीडिया के लिए रील रिकॉर्ड करने की अनुमति नहीं होगी। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन ने बताया कि मंदिर में तैनात अधिकारी इन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करेंगे। प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल मिलने पर उन्हें जब्त भी किया जा सकता है।
इस बीच, केदारनाथ यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक प्रबंधन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। मुख्य मार्गों और संपर्क सड़कों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि यातायात सुचारू रहे और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
यात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग में स्थायी और अस्थायी पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है, जिससे वाहनों के दबाव को नियंत्रित किया जा सके।
मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस फैसले से श्रद्धालु सोशल मीडिया गतिविधियों की बजाय पूजा-अर्चना और भक्ति पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। हाल के दिनों में मंदिर परिसर के अंदर बनाए गए वीडियो के वायरल होने के बाद यह कदम उठाया गया है, जिसे धार्मिक वर्गों का भी समर्थन मिल रहा है। Newsline Express
