newslineexpres

Home Hindu ????18 वर्षों से निरंतर हो रहा श्री हनुमान चालीसा पाठ, श्री काली माता मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब

????18 वर्षों से निरंतर हो रहा श्री हनुमान चालीसा पाठ, श्री काली माता मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब

by Newslineexpres@1

????शिव सेना हिंदुस्तान की धार्मिक शाखा श्री राम हनुमान सेवा दल द्वारा श्री हनुमान चालीसा पाठ

????18 वर्षों से निरंतर हो रहा श्री हनुमान चालीसा पाठ, श्री काली माता मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब

????महंत राकेश कुमार ने भजनों व प्रवचनों से बांधा समां, सनातन धर्म जागरण का दिया संदेश

पटियाला / राकेश शर्मा / न्यूज़लाईन एक्सप्रैस –    शिव सेना हिंदुस्तान की धार्मिक शाखा श्री राम हनुमान सेवा दल द्वारा प्रत्येक मंगलवार आयोजित किए जाने वाले श्री हनुमान चालीसा पाठ के तहत इस बार भी पटियाला के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री काली माता मंदिर में भव्य धार्मिक समारोह आयोजित किया गया। पिछले लगातार 18 वर्षों से चल रही इस धार्मिक श्रृंखला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्री हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह के दौरान श्री राम हनुमान सेवा दल की व्यास पीठ से महंत श्री राकेश कुमार जी ने शास्त्रों के आधार पर श्री हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने अपने भावपूर्ण भजनों और प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्री राम के प्रति श्री हनुमान जी की अटूट भक्ति, समर्पण और सेवा भावना का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
महंत राकेश कुमार जी ने कहा कि श्री हनुमान जी ने भगवान श्री राम के अनेक कठिन कार्यों को सहज रूप से पूर्ण किया, लेकिन कभी भी उसका श्रेय स्वयं नहीं लिया। उन्होंने हमेशा यही माना कि यह सब प्रभु श्री राम के चरणों की कृपा से ही संभव हुआ। उन्होंने कहा कि श्री हनुमान जी के जीवन से यह शिक्षा मिलती है कि सच्ची भक्ति में कभी अहंकार नहीं होना चाहिए, क्योंकि जहां अहंकार आता है वहां भक्ति की शक्ति समाप्त हो जाती है।
उन्होंने लगातार 18 वर्षों से चल रही इस सेवा श्रृंखला का श्रेय भी भगवान श्री राम की कृपा को देते हुए कहा कि प्रभु की कृपा और आशीर्वाद से ही श्री राम हनुमान सेवा दल के सभी सेवादार यह धार्मिक सेवा निभा पा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान श्री राम की कृपा बनी रही तो देशभर के मंदिरों में यह धार्मिक जागरण अभियान आगे भी निरंतर चलता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान सनातन धर्म से जुड़े प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाले भक्तों को श्री राम हनुमान सेवा दल के राष्ट्रीय संचालक संयोजक श्री पवन गुप्ता जी द्वारा माता श्री काली देवी की पावन चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
अगले मंगलवार के लिए व्यास पीठ से श्रद्धालुओं के लिए प्रश्न पूछा गया कि जब श्री हनुमान जी माता सीता की खोज में समुद्र पार कर लंका जा रहे थे और मैनाक पर्वत ने उन्हें विश्राम का प्रस्ताव दिया, तब श्री हनुमान जी ने क्या उत्तर दिया था। इसका उत्तर श्रद्धालु अगले मंगलवार को देंगे।
अंत में महंत श्री राकेश कुमार जी ने श्रद्धालुओं के साथ श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कराया। इसके पश्चात आरती कर श्री हनुमान जी को प्रसाद अर्पित किया गया तथा सभी भक्तों में श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया।
समारोह में श्री हेमराज गोयल, पंडित बद्री प्रसाद, डॉ. श्री चंद शर्मा, श्री पप्पू, श्री गुड्डू, श्री राजकुमार बिट्टू, श्री पुरुषोत्तम, रमेश कंबोज, रामखेलावन सहित बड़ी संख्या में सेवादार उपस्थित रहे। महिला सेवादारों में श्रीमती सुमन गुप्ता, श्रीमती रीता गोयल, श्रीमती सुनीता, श्रीमती वीरता एवं अन्य श्रद्धालु महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।     Newsline Express

Related Articles

Leave a Comment