????श्री काली माता मंदिर विवाद पर हिंदू संगठन एकजुट, प्रशासन को दी चेतावनी
????पटियाला में हिंदू संगठनों की आपात बैठक, जल्द होगी बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस
पटियाला, 21 मई – न्यूज़लाईन एक्सप्रैस — शिव सेना हिंदुस्तान और धार्मिक विंग श्री राम हनुमान सेवा दल के वरिष्ठ नेताओं की संयुक्त आपात बैठक शिव सेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता के निवास स्थान पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वयं पवन गुप्ता ने की।
बैठक में संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान श्री काली माता मंदिर में चल रहे नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों से जुड़े विवादित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नेताओं ने आरोप लगाया कि मंदिर प्रबंधक समिति द्वारा सनातन धर्म की परंपराओं और धार्मिक भावनाओं को नजरअंदाज करते हुए कुछ फैसले एकतरफा तरीके से लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर सेवा से जुड़ी कई धार्मिक और सेवा संस्थाओं को धमकियां दी जा रही हैं तथा कुछ संगठनों को पुलिस थानों में भी बुलाया गया है, जिससे हिंदू समाज में रोष बढ़ रहा है।
बैठक में यह भी कहा गया कि कई हिंदू संगठनों ने इस मामले को संयुक्त रूप से उठाने के लिए शिव सेना हिंदुस्तान से संपर्क किया है। इस संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पटियाला को लिखित रूप में अवगत करा दिया गया है।
नेताओं ने पंजाब सरकार द्वारा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का समर्थन करते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते विवादित मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो यह मामला बड़ा धार्मिक विवाद बन सकता है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही पटियाला में सभी हिंदू संगठनों की एक बड़ी बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति का ऐलान किया जाएगा।
इस मौके पर पवन गुप्ता ने कहा कि संगठनों से मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए पूरी रणनीति तैयार की जा रही है और जल्द ही संयुक्त रूप से अगली घोषणा की जाएगी। Newsline Express
