????पटियाला गुड़ मंडी में दिनदहाड़े गुंडागर्दी: व्यापारियों के समर्थन में उतरे पवन गुप्ता, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
????कानून व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
पटियाला / न्यूज़लाईन एक्सप्रैस – शहर की गुड़ मंडी में दिनदहाड़े हुई गुंडागर्दी की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद शिव सेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता मंगलवार को प्रभावित व्यापारियों से मिलने मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, रविवार को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने गुड़ मंडी में दुकानों के ताले काटकर और हथियारों के बल पर जबरन नए ताले लगाकर कब्जा करने की कोशिश की। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल फैल गया और व्यापारियों में भारी रोष देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पार्टी की ओर से पहले वरिष्ठ नेताओं की टीम को मौके पर भेजा गया था। इसके बाद पवन गुप्ता स्वयं गुड़ मंडी पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। इस दौरान समाजसेवी एवं कारोबारी अनीश मंगला सहित अन्य व्यापारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने बताया कि घटना के बाद वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पवन गुप्ता ने कहा कि घटना स्थल के पास पुलिस स्टेशन होने के बावजूद समय पर पुलिस का न पहुंचना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गुंडागर्दी में शामिल तत्वों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए और मुख्य आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अब तक की गई गिरफ्तारियों में असली आरोपी शामिल नहीं हैं और पुलिस को मामले के मुख्य साजिशकर्ताओं तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पवन गुप्ता ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो शिव सेना हिंदुस्तान हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी रहेगी।
उन्होंने पंजाब सरकार और जिला पुलिस प्रशासन से अपील की कि मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापारिक समुदाय का भरोसा कायम रह सके।
इस मौके पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता प्रदीप वर्मा, कृष्ण गाबा, शमा कांत पांडे, साहिल गोयल और नवदीप मित्तल भी मौजूद रहे।
*Newsline Express*
