Skip to main content

newslineexpres

Home Ambala नगर निगम की टैक्स शाखा का क्लर्क 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ

नगर निगम की टैक्स शाखा का क्लर्क 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ

by Newslineexpres@1

🚩नगर निगम की टैक्स शाखा का क्लर्क 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

🚩प्रॉपर्टी आईडी में श्रेणी सुधार के बदले मांगी थी रिश्वत, एसीबी ने बस स्टैंड परिसर में दबोचा

    चंडीगढ़ /करनाल, 29 सितंबर – संजय सासन / न्यूज़लाईन एक्सप्रैस –      राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने करनाल में कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टैक्स शाखा में तैनात क्लर्क गौरव को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी के अनुसार आरोपी से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई है।

प्रॉपर्टी आईडी में सुधार के बदले मांगी रिश्वत

एसीबी को दी शिकायत में बताया गया था कि शिकायतकर्ता के पिता धर्मबीर और माता परमजीत कौर के नाम दर्ज मकान की प्रॉपर्टी आईडी में श्रेणी संबंधी सुधार करवाना था। इसके लिए नगर निगम के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन किया गया था। आरोप है कि टैक्स शाखा में तैनात क्लर्क गौरव ने सुधार करने के एवज में 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

बस स्टैंड पर ट्रैप लगाकर पकड़ा

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी करनाल की टीम ने नियमानुसार ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी क्लर्क को करनाल के नए बस स्टैंड परिसर में शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी ने रिश्वत की राशि मौके से बरामद कर ली। कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी और शैडो गवाह की मौजूदगी में की गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

एसीबी के अनुसार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 26, दिनांक 29 सितंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच नियमानुसार जारी है।

एसीबी ने आमजन से मांगी सहयोग

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल ब्यूरो को दें। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत टोल-फ्री नंबर 1064 या 1800-180-2022, व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94178-91064 तथा ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से की जा सकती है।   Newsline Express

Related Articles

Leave a Comment