????रिश्वत मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, विजिलेंस मुख्यालय पर छापा
चंडीगढ़/मोहाली – न्यूज़लाईन एक्सप्रैस – पंजाब विजिलेंस ब्यूरो से जुड़े एक कथित रिश्वत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहाली स्थित विजिलेंस मुख्यालय पर छापा मारा। मामले में रिश्वत मांगने और सौदेबाजी के आरोपों के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई।
सूत्रों के अनुसार, CBI ने इस मामले में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें विजिलेंस विभाग से जुड़े एक रीडर तथा दो कथित बिचौलिए शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि पंजाब स्टेट टैक्स विभाग के एक अधिकारी से विजिलेंस में लंबित शिकायत बंद करवाने के बदले रिश्वत मांगी गई थी।
जानकारी के मुताबिक, कथित तौर पर पहले 20 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसके बाद बातचीत कम राशि और एक महंगे मोबाइल फोन तक पहुंचने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि CBI ने चंडीगढ़ के एक होटल में जाल बिछाकर कार्रवाई की, जहां कथित तौर पर रिश्वत का लेन-देन होना था। मौके से नकदी बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है।
मामले में विजिलेंस विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के रीडर ओ.पी. राणा का नाम भी सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक एजेंसी उसकी तलाश में जुटी हुई है।
CBI टीम ने मोहाली स्थित विजिलेंस मुख्यालय में कई घंटों तक दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य फाइलों की जांच की। माना जा रहा है कि जांच का दायरा आगे बढ़ सकता है तथा कुछ अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा सकती है।
इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति भी गरमा गई है। विपक्षी दलों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल एजेंसी और संबंधित विभाग की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। Newsline Express
