????काली माता मंदिर के सौंदर्यीकरण में श्रद्धालुओं की भावनाओं का रखा जाए विशेष ध्यान : पवन गुप्ता
????शिवसेना हिंदुस्तान व श्री राम हनुमान सेवा दल ने डीसी पटियाला को सौंपा ज्ञापन
पटियाला, 14 मई – न्यूज़लाईन एक्सप्रैस – शिवसेना हिंदुस्तान एवं धार्मिक शाखा श्री राम हनुमान सेवा दल के वरिष्ठ नेताओं का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल आज श्री पवन गुप्ता, राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवसेना हिंदुस्तान एवं राष्ट्रीय संयोजक श्री राम हनुमान सेवा दल के नेतृत्व में डीसी पटियाला से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने श्री काली माता मंदिर के नवनिर्माण एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े श्रद्धालुओं की भावनाओं संबंधी मुद्दों को लेकर डीसी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मंदिर के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं, विशेषकर हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखने की मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पंजाब सरकार और मंदिर कमेटी द्वारा किए जा रहे विकास कार्य सराहनीय हैं, लेकिन इनके साथ श्रद्धालुओं की आस्था और परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जाना भी आवश्यक है। नेताओं ने कहा कि यदि भक्तों की भावनाओं की अनदेखी हुई तो समाज में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
श्री पवन गुप्ता ने डीसी पटियाला के साथ हुई बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मंदिर के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों का संगठन स्वागत करता है, परंतु कुछ ऐसे विषय हैं जिन पर मंदिर कमेटी को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत न हों।
प्रतिनिधिमंडल ने श्री काली माता मंदिर के लाइव प्रसारण को पिछले कुछ समय से बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश में बैठे हजारों श्रद्धालु मंदिर के लाइव दर्शन से जुड़े हुए थे और प्रसारण बंद होने से भक्तों में नाराजगी है। ज्ञापन में इस सेवा को पुनः शुरू करने की मांग भी की गई।
डीसी पटियाला ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना तथा आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार और मंदिर कमेटी श्रद्धालुओं की भावनाओं एवं सुझावों पर विशेष ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह स्वयं मंदिर कमेटी के साथ विचार-विमर्श करेंगे।
इस संयुक्त प्रतिनिधिमंडल में हेमराज गोयल (चेयरमैन, श्री राम हनुमान सेवा दल पंजाब), पंडित बद्री प्रसाद (पंजाब अध्यक्ष, श्री राम हनुमान सेवा दल), प्रदीप वर्मा (राष्ट्रीय प्रवक्ता, शिवसेना हिंदुस्तान), कृष्ण कुमार गाबा (पंजाब अध्यक्ष, शिवसेना हिंदुस्तान व्यापार सेना), शमा कांत पांडे (वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंजाब एवं जिला प्रभारी पटियाला), अमरजीत बंटी (चेयरमैन, युवा सेना पंजाब) तथा नवदीप मित्तल (जिला महासचिव, व्यापार सेना पटियाला) सहित अन्य नेता उपस्थित रहे। Newsline Express
